जनपद वैशाली के राघोपुर दियारा इलाके में जहरीली शराब से एक साथ 5 लोगों की हुई मौत के बाद वैशाली पुलिस एक्शन में दिख रही है। इसके तहत वैशाली पुलिस की टीम के द्वारा लालगंज के सलेमपुर दियारा इलाके में जबरदस्त तरीके से देशी शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तस्वीर सामने आई है।
शराब तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत भारी संख्या में पुलिस बल राघोपुर इलाके में पहुंची, जहां कई देशी शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। वहीं घटना स्थल पर कार्रवाई करते हुए पुलिस बल ने देशी शराब की भट्ठियों और शराब बनाने वाले उपकरणों को आग लगा दी। इस तरह देसी शराब की भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए उसमें आग लगाकर वैशाली पुलिस बड़ी कार्रवाई करते हुए नजर आई। यही नहीं, भारी संख्या में पुलिस ग्रामीणों के वेश में महज गंजी और गमछा पहने नजर आये वैशाली पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से देशी शराब के तस्करों के बीच हड़कंप मचा है।
बताते चलें कि लालगंज के सलेमपुर दियारा इलाके में सालों से देशी शराब का धंधा चलता आ रहा है। जिस पर पुलिस काबू नहीं कर सकी थी लेकिन राघोपुर दियारा इलाके में 5 लोगों की जहरीली शराब से मौत होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची है। यही कारण है कि पुलिस इस बार एक्शन में नजर आयी है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की बात सामने नहीं आई है। पुलिस की टीम के दियारा इलाके में पहुंचने की भनक लगते ही तमाम कारोबारी भागने में सफल रहे। इधर पुलिस का कहना है कि अब शराब तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।