ट्रक खराब होने से संजय सेतु पर लगा भीषण जाम, दोनों ओर 4–5 किमी तक वाहनों की कतार

बहराइच
लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर स्थित घाघरा नदी पर बने संजय सेतु पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भूसी लदा एक ट्रक पुल के बीच अचानक खराब हो गया। ट्रक खराब होने के चलते पुल के दोनों ओर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया और करीब 4 से 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे लखनऊ की ओर जा रहा ट्रक संजय सेतु के बीचो-बीच खराब हो गया। पुल संकरा होने के कारण भारी वाहन को हटाया नहीं जा सका, जिससे कुछ ही देर में दोनों तरफ यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

यात्री घंटों फंसे, एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी प्रभावित

जाम की वजह से आम यात्रियों के साथ-साथ स्कूल बसें, एंबुलेंस और मालवाहक वाहन भी फंस गए। कई लोग घंटों तक पुल पर खड़े रहने को मजबूर रहे। गर्मी और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही घाघराघाट चौकी प्रभारी दिनेश कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से खराब ट्रक को हटाने का प्रयास शुरू किया। जाम में फंसे वाहनों को निकालने के लिए बहराइच और बाराबंकी पुलिस को भी मोर्चे पर लगाया गया।

काफी देर बाद बहाल हुआ यातायात

काफी मशक्कत के बाद ट्रक को पुल से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका। हालांकि तब तक पुल के दोनों ओर लंबा जाम लग चुका था, जिसे सामान्य होने में काफी समय लगा।

पहले से जर्जर संजय सेतु पर बार-बार लग रहा जाम

स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय सेतु पहले से ही जर्जर हालत में है। भारी वाहनों के खराब होने या मरम्मत कार्य के दौरान अक्सर यहां जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और पुल की स्थायी मरम्मत जल्द कराई जाए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने