बहराइच । प्रेमी को पाने की चाहत में बहु कर गयी बड़ा काण्ड ।

बहराइच । इश्क़ का भूत कुछ इस तरह चढ़ा कि अपने ही परिवार को जान से मारने की योजना बना डाली जहरीली चाय बनाकर ससुराल के लोगों को पिला दी। जहरीली चाय पीने से परिवार के पांच सदस्यों की हालत गंभीर हुई तो इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां रक्षाबंधन में आए भांजे की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार अन्य सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना पर एसपी, सीओ व प्रभारी देहात कोतवाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। बहू को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली ले गई।  परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



पूरा प्रकरण देहात कोतवाली क्षेत्र के मछियाही गांव निवासी 55 वर्षीय पंचम जायसवाल पुत्र रामपाल के यहाँ का है । रक्षाबंधन त्योहार मनाने को रिस्तेदार आये हुए थे । रक्षाबंधन के ही दिन पंचम की बड़ी बहू अंकिता पत्नी पूरन भी मायके से ससुराल आई थी। सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे बहू ने चाय बनाई और पीने के लिए अपने ससुर पंचम, देवर जितेंद्र, चार वर्षीय भतीजी श्रृष्टि, 15 वर्षीय भांजी शिवांशी और दो वर्षीय भांजे रुद्रांश को दी। परिवार के अन्य सदस्य काम में व्यस्त होने के कारण चाय नहीं पी पाए। चाय पीने के 15 मिनट बाद ही पांचों लोगों को उल्टी होना शुरू हो गई। आनन-फानन में सभी को गांव के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार कर रहे चिकित्सकों ने लक्षण देख फूड प्वाइजनिंग की बात बताई। यह सुन परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। इलाज के दौरान दो वर्षीय भांजे रुद्रांश ने दम तोड़ दिया जबकि चार अन्य सदस्यों में दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी है।

मासूम बच्चे की मौत होते ही परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों में हाहाकार मच गया। परिजनों को बहू पर चाय में जहर मिलाकर पिलाने का शक हुआ। घटना की सूचना पर एसपी सुजाता सिंह, सीओ सिटी विनय द्विवेदी व देहात कोतवाल प्रभारी समर सिंह दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पाया गया कि बहू ने ही चाय में जहर मिलाया था। बहू को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा गया है। देहात कोतवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बीते आठ माह पहले हुआ था विवाह

दिसंबर 2020 में पूरन का विवाह अंकिता से हुआ था। बताया जाता है कि बिना उसकी मर्जी के शादी हुई थी। वह अपने ससुराल नहीं आना चाहती थी, लेकिन मायके वालों ने जबरदस्ती विदाई कर दी जिससे नाराज होकर उसने ससुराल के लोगो को खत्म करने की योजना बनाई और चाय में जहर मिलाकर पिला दिया।


जहर मायके से लायी थी

देवर धर्मेंद्र ने बताया कि भाभी का मायके में किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसने अपने प्रेमी को पाने के लिए ससुराल से सदस्यों को ख़त्म करने का प्लान बनाया।  इसीलिए वह जहर भी मायके से लेकर आई थी जिससे किसी को भनक तक न लग सकी। अगर सब लोग एक साथ चाय पी लेते तो पूरा परिवार एक साथ खत्म हो जाता।

पति ने कभी सोचा नहीं था ऐसा भी कर सकती है पत्नी

जहरीली चाय देने वाली महिला के पति पूरन को भी इस बात का बिल्कुल अहसास न हो सका कि उसकी पत्नी ने उसके परिवार को खत्म करने का इरादा बना लिया है। शायद यही कारण रहा कि पति गोबर फेंकने चला गया था जिससे वह भी चाय नहीं पी पाया। वरना वह भी चपेट में आ जाता।

1 टिप्पणियाँ

और नया पुराने