बहराइच में बोगस फर्मों के जरिए जीएसटी धोखाधड़ी का खुलासा, दो फर्मों पर एफआईआर, SIT जांच शुरू

बहराइच। जरवल रोड 
उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के जरवलरोड क्षेत्र में बोगस फर्मों के माध्यम से कूटरचित दस्तावेजों पर जीएसटी पंजीकरण कराकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। राज्य कर विभाग की जांच के बाद संबंधित फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और मामले की गहन जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को सक्रिय कर दिया गया है।
राज्य कर खंड–01 बहराइच के अपर आयुक्त द्वारा पुलिस अधीक्षक को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि M/S Krishna Medico Enterprises नामक फर्म का पंजीकरण केंद्रीय क्षेत्राधिकार के अंतर्गत कूटरचित और भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर प्राप्त किया गया था। फर्म का पता एनएच–927, लखनऊ रोड, दीव्या कॉम्प्लेक्स, श्री हॉस्पिटल के पास, जरवल कस्बा, जनपद बहराइच (पिनकोड 271904) दर्शाया गया है।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उक्त फर्म बोगस जीएसटी पंजीकरण के माध्यम से कर अपवंचन कर रही थी, जिससे प्रदेश के राजस्व को क्षति पहुंची। विभागीय जांच में फर्म संदिग्ध पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
विभागीय अभिलेखों के अनुसार, फर्म का GSTIN 09BTUPP7389H1ZI है। फर्म के प्रोपराइटर के रूप में राकेश पंचाल पुत्र राजकुमार पंचाल, निवासी 25, जवाहर रोड, नागदा, जिला उज्जैन (मध्यप्रदेश) का नाम दर्ज पाया गया है। इस मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद तेज हुई कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 7 जून 2025 को हुई राज्य कर विभाग की समीक्षा बैठक में बोगस फर्मों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, एफआईआर दर्ज कराने और सघन जांच के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में विभागीय सत्यापन अभियान के दौरान यह फर्म संदिग्ध पाई गई।
दूसरी बोगस फर्म का भी खुलासा
इसी क्रम में जनपद में एक अन्य बोगस फर्म M/S Rahat Enterprises का भी मामला सामने आया है। इस फर्म का GSTIN 09MFZPS3181L1Z1 बताया गया है। फर्म का पता एनएच–927, मोहल्ला जरवल रोड, पोस्ट जरवल कस्बा, जनपद बहराइच (पिनकोड 271904) दर्शाया गया है।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस फर्म ने भी केंद्रीय क्षेत्राधिकार के अंतर्गत कूटरचित प्रपत्रों के आधार पर जालसाजी करते हुए बोगस जीएसटी पंजीकरण प्राप्त किया और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया।
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, फर्म के प्रोपराइटर के रूप में शहजायब पुत्र राहत अली, निवासी दतौली, थाना गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़ (पिनकोड 245205) का नाम दर्ज पाया गया है। इस प्रकरण में भी संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बोगस फर्मों के खिलाफ अभियान जारी
राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि बोगस फर्मों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। SIT द्वारा दोनों मामलों की विस्तृत जांच की जा रही है, जिससे कर अपवंचन के नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने