जरवल रोड रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदा युवक, मौत; करीब एक घंटे बाधित रहा रेल संचालन


जरवल रोड, बहराइच। जरवल रोड रेलवे स्टेशन के पास चीनी मिल के निकट फाटक संख्या 295 पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक अज्ञात युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। हादसे के बाद ट्रेन चालक ने ट्रेन रोककर घटना की सूचना रेलवे स्टेशन को दी।

सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर ने मामले की जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम, आरपीएफ बुढ़वल और जीआरपी गोंडा को दी। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं आरपीएफ बुढ़वल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।



इंजन में फंसा था शव, करीब एक घंटे खड़ी रही ट्रेन

बताया गया कि युवक का शव ट्रेन के इंजन में फंस गया था। शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस और आरपीएफ की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान 55061 पैसेंजर ट्रेन करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर खड़ी रही।

शव को इंजन से बाहर निकलवाने के बाद ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने के कारण गोंडा की ओर से लखनऊ जाने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

मृतक की नहीं हो सकी पहचान

पुलिस और आरपीएफ की टीम ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद युवक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

और नया पुराने