बहराइच। हुजूरपुर थाना पुलिस ने घरों में हुई नकबजनी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की चार जोड़ी सफेद धातु की पायल और 1,640 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय रवाना कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना हुजूरपुर में चंद्रभान सिंह निवासी ग्राम मोकला की तहरीर पर मुकदमा संख्या 177/2026 तथा विनय कुमार सिंह निवासी खाले पुरवा, रायगढ़ बेहड़ा की तहरीर पर मुकदमा संख्या 210/2026 धारा 305ए/331(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। दोनों मामलों में घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया गया था।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 18 अगस्त को अशफाक पुत्र इसहाक, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी बंजारी मोड़ शेखदहीर, थाना कोतवाली देहात, बहराइच को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से सफेद धातु की चार जोड़ी पायल और 1,640 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान नकबजनी की घटनाओं से संबंधित है।
आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली देहात और थाना कोतवाली नगर में चोरी व अन्य संबंधित अपराधों के कुल तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भगवान यादव, उपनिरीक्षक फिरोज खान, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल आशीष पाल और कांस्टेबल आशीष यादव शामिल रहे।
पुलिस की यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह तथा क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेन्द्र कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विपिन प्रकाश सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।
Tags
Bahraich