बहराइच। थाना मटेरा क्षेत्र में चैन स्नैचिंग की वारदात के बाद फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया शातिर अपराधी को थाना कोतवाली नानपारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएचसी नानपारा भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल पुत्र सग्गर, निवासी अगपुरबा, थाना कोतवाली देहात, बहराइच के रूप में हुई है। आरोपी थाना मटेरा में दर्ज चैन स्नैचिंग के मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बहराइच की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
महिला से झपट्टा मारकर छीना था मंगलसूत्र
पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र, निवासी लखीमपुर, अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना मटेरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।
साथी पहले ही मुठभेड़ में हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इसी मामले में 2/3 सितंबर की रात हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान असलम का साथी फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान असलम पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
निबिया नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक 3/4 सितंबर की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना कोतवाली नानपारा पुलिस और स्वॉट टीम निबिया नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी नानपारा भेजा गया।
चोरी की बाइक और तमंचा समेत सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था।
एसपी बहराइच ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में बरामदगी और पूर्व में दर्ज मुकदमों के संबंध में भी पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
The Awadh Voice | आपकी बात, सच्चाई के साथ।