बहराइच। बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रेलखंड के अमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद जिले की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने जा रही है। करीब 56.15 किलोमीटर लंबे रेलखंड के अमान परिवर्तन पर कुल 341.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। परियोजना के तहत सिविल कार्यों पर 236.22 करोड़ रुपये, एसएंडटी कार्यों पर 43.33 करोड़ रुपये और विद्युत कार्यों पर 62.11 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
अमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद 31 अगस्त से इस रेलखंड पर रेल संचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। रेल संचालन शुरू होने से बहराइच और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
छह रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण से बढ़ेंगी सुविधाएं
रेल परियोजना के साथ नेपालगंज रोड, बाबागंज, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण का रास्ता भी साफ हुआ है। स्टेशनों के विकास के बाद यात्रियों को पहले की अपेक्षा बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
ब्रॉडगेज लाइन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
ब्रॉडगेज रेल लाइन के संचालन के साथ प्रस्तावित एवं स्वीकृत प्रमुख ट्रेनों के चलने से बहराइच की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है। वाराणसी और गोंडा जैसे महत्वपूर्ण शहरों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने पर यात्रियों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक बेहतर रेल संपर्क का असर केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा। इससे व्यापार, रोजगार, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
सीमावर्ती क्षेत्र को भी मिलेगा लाभ
नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार स्थानीय लोगों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर रेल सेवा से सीमावर्ती इलाकों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ स्थानीय कारोबारियों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल सकता है।
बहराइच को लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ने की मांग होती रही है। ऐसे में अमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का काम पूरा होना जिले की रेल व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब 31 अगस्त से प्रस्तावित रेल संचालन शुरू होने पर लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नई रेल सेवाओं के साथ बहराइच की कनेक्टिविटी किस तरह और कितनी तेजी से विस्तार पाती है।
Tags
bahraich