जरवल रोड, बहराइच। रक्षाबंधन के अवसर पर बहन से राखी बंधवाने गांव आए 28 वर्षीय युवक की जरवल रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन निवासी पवैया इस्लामाबाद चौराहा, थाना कैसरगंज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार अर्जुन लखनऊ में कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था और पत्नी के साथ वहीं रहता था। शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपनी छोटी बहन से राखी बंधवाने के लिए गांव आया था। बताया जा रहा है कि अर्जुन के गांव आने की बात को लेकर उसकी पत्नी नाराज थी।
बातचीत के बाद भाई को भेजी रिकॉर्डिंग
मृतक के बड़े भाई इंद्राज के मुताबिक, पत्नी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद अर्जुन ने बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने भाई को भेजी थी। परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान अर्जुन को अपशब्द कहे गए और कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी बात कही गई।
परिजनों के मुताबिक, इस बातचीत से आहत होने के बाद अर्जुन जरवल रोड रेलवे स्टेशन पहुंच गया।
मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई मौत
बताया गया कि स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की लाइन नंबर तीन पर मालगाड़ी खड़ी थी। मालगाड़ी के चलने के दौरान अर्जुन उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी ऑनलाइन प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और शव को ट्रैक से हटवाया, जिसके बाद रेल यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस जरवल रोड चौकी के हेड कांस्टेबल कमलेश्वर यादव, कांस्टेबल अंगद निषाद तथा बुढ़वल थाना के उपनिरीक्षक रामबाबू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि अर्जुन की ससुराल थाना कर्नलगंज की भभुआ चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुढ़वलिया के हाता गांव में है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की परिस्थितियों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: पत्नी पर लगाए गए आरोप फिलहाल परिजनों के बयान पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Tags
Bahraich